Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 13 अगस्त । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के जलेसर सासनी मार्ग स्थित गांव नगला मोती/बरवाना में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से “हर घर तिरंगा, हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया।रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं,शिक्षक शिक्षिकाओं, नागरिकों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का वातावरण देखने को मिला और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।तिरंगा रैली का शुभारंभ पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया।तिरंगा यात्रा रैली प्रारंभ होने से पूर्व उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के बारे में जानकारी दी।उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता, त्याग, साहस और गौरव का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान करे और देश की प्रगति में अपना योगदान दे।हरी झंडी मिलते ही तिरंगा रैली पूरे उत्साह के साथ रवाना हुई। तिरंगा यात्रा रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे।विद्यार्थियों के हाथों में लहराते तिरंगे और उनके उत्साह ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।रैली में शामिल विद्यार्थियों ने अनुशासन और जोश के साथ ग्राम के विभिन्न मार्गों से भ्रमण किया।रैली नगला मोती एवं बरवाना ग्राम के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के मार्ग में ग्रामीणों ने अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों के सामने खड़े होकर तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। जगह-जगह ग्रामवासियों द्वारा रैली पर पुष्प वर्षा की गई। ग्रामीणों के इस आत्मीय स्वागत से विद्यार्थियों और रैली में शामिल लोगों का उत्साह और अधिक बढ़ गया।अनेक स्थानों पर लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली का स्वागत किया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।रैली के दौरान पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने ग्रामवासियों से संवाद करते हुए उन्हें तिरंगा भेंट किया तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने तक सीमित न रहे, बल्कि इस अवसर पर प्रत्येक नागरिक राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझे।कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक प्रताप सिंह, लोकेश प्रताप सिंह, दुर्गेश प्रताप सिंह, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, केपी सिंह कुशवाहा, सीमा कुशवाहा, रामवीर सिंह यादव, वीरेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, होडल सिंह, सरिता, चंद्रभान सिंह रावल, रामस्वरूप कुशवाहा, गजाधर सिंह कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, ओम प्रकाश कुशवाहा, रूप सिंह कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार कुशवाहा एवं ब्रज किशोर कुशवाहा सहित अनेक लोगों का सहयोग रहा।कार्यक्रम में मनोज कुमार कुशवाहा एवं रमेश कुशवाहा इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रदीप कुशवाहा की भी सहभागिता रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page