
हाथरस 13 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का अवसर है। प्रत्येक नागरिक स्वयं इस अभियान से जुड़े और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी अभियान में सहभागी बनाए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि 13, 14 एवं 15 अगस्त को अपने घर, आंगन अथवा प्रतिष्ठान पर तिरंगा अवश्य फहराएं। उन्होंने कहा कि नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड कर प्रमाण पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं और इस माध्यम से देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी कारणवश सेल्फी अपलोड करना संभव न हो तो भी प्रत्येक नागरिक तिरंगे के साथ कुछ क्षण खड़े होकर यह महसूस करे कि आज हम जिस आजाद हवा में सांस ले रहे हैं, उसके पीछे असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों का त्याग एवं बलिदान है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि हमारी स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए हैं, जिनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ना तथा सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह, सम्मान और गौरव के साथ तिरंगा फहराएं तथा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन का अभियान बनाकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करें।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101








