Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 04 अगस्त। विधायक गुड्डू चौधरी लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए 10 प्रमुख प्रस्ताव मुख्यमंत्री को सौंपे। इन प्रस्तावों में नगर पंचायत को नगर पालिका परिषद का दर्जा, ट्रॉमा सेंटर और रोडवेज बस स्टैंड का जीर्णोद्धार जैसी महत्वपूर्ण मांगें शामिल हैं। विधायक ने मुख्यमंत्री को बताया कि बढ़ती आबादी और शहरी आवश्यकताओं को देखते हुए सादाबाद नगर पंचायत का सीमा विस्तार कर उसे नगर पालिका परिषद का दर्जा दिया जाना आवश्यक है। इससे पेयजल, सड़क, जल निकासी, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए अधिक बजट उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर होने वाली दुर्घटनाओं के मद्देनजर सादाबाद में एक सरकारी ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने की भी मांग की। शिक्षा के क्षेत्र में, सहपऊ में राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज की स्थापना और बिसावर में निर्मित राजकीय आईटीआई में जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया। खेल सुविधाओं के लिए सादाबाद और मुरसान में मिनी खेल स्टेडियम बनाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त, बिसावर को नगर पंचायत घोषित करने और वहां एक कोतवाली स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया। विधायक ने सादाबाद रोडवेज बस स्टैंड के जीर्णोद्धार, राजकीय कला संग्रहालय एवं आर्ट गैलरी की स्थापना का भी प्रस्ताव सौंपा। उन्होंने एसबीआई तिराहा, जेतई तिराहा और राया तिराहे पर क्रमशः लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर, महाराणा पृथ्वीराज चौहान और महाराजा सूरजमल की प्रतिमाएं स्थापित कराने की भी मांग की। बैठक में आलू किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। विधायक ने आलू किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज, आलू निर्यात नीति, कोल्ड स्टोरेज किराये पर सब्सिडी, परिवहन अनुदान और मंडी शुल्क में राहत की मांग की। विधायक प्रदीप चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और जनहित में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रस्तावों पर अमल होने से सादाबाद में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page