
हाथरस 04 अगस्त। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर एटा जिले के मिरहची थाना क्षेत्र के गांव बुढैनी निवासी चिराग पर उनकी बेटी को शादी के उद्देश्य से ले जाने का आरोप लगाया है। पिता के अनुसार, घटना 31 जुलाई की रात की है। बेटी के घर से चले जाने की जानकारी होने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित पिता ने कोतवाली हाथरस जंक्शन पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और किशोरी की बरामदगी की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। किशोरी की तलाश के साथ ही पुलिस आरोपों की भी जांच कर रही है।









