
सासनी 05 नवंबर। कोतवाली सासनी क्षेत्र के नया नगला के निकट खेत में आलू की बुवाई के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत के मामले में किसान और विद्युत विभाग के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतक के भाई ने हादसे के लिए किसान और बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
मुकदमा दर्ज कराते हुए मृतक कालीचरन के भाई प्रेमचंद पुत्र जमुना प्रसाद निवासी खोरना, थाना सासनी ने बताया कि चार नवंबर को दोपहर करीब दो बजे उसका छोटा भाई कालीचरन गोविंदा पुत्र केहरी के ट्रैक्टर पर आलू की बुवाई करने गया था। इस खेत को आलू की बुवाई के लिए सुनील कुमार निवासी केवलगढ़ी, थाना चंदपा ने पट्टे पर लिया था। आरोप है कि खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन काफी नीचे थी। बुवाई शुरू कराने से पहले सिटडाउन लेने के लिए कहा गया तो किसान सुनील ने बताया कि सिटडाउन ले लिया गया है।
इसके बाद खेत में आलू की बुवाई का काम शुरू कर दिया गया। इसी दौरान हाईटेंशन लाइन का तार कालीचरन के सिर से टकरा गया, जिससे वह करंट की चपेट में आ गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई का आरोप है कि यह हादसा किसान सुनील कुमार और विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण हुआ। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






