
हाथरस 19 जुलाई। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव मझोला में खेत की सिंचाई को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव मझोला निवासी संजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 जुलाई को वह अपने खेत पर गया था। आरोप है कि गांव के दिनेश कुमार उर्फ बबलू ने उसके पिता की मठिया के पास स्थित जर (नाली) में पानी छोड़ दिया था। संजय के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो दिनेश कुमार, उसकी पत्नी तथा दो अन्य लोग एकजुट होकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया तथा उसे खेत में गिराकर बेरहमी से पीटा। मारपीट में संजय के सिर, आंख और दांत में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।








