
हाथरस 19 जुलाई। हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 जून की सुबह उनकी 15 वर्षीय पुत्री को राहुल, निवासी गांव भवनुआ, थाना नगला खंगर, जनपद फिरोजाबाद, बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि आरोपित राहुल ने किशोरी को अपने गांव में रखा हुआ है। पीड़ित का आरोप है कि इस पूरे मामले में राहुल के माता-पिता भी उसका सहयोग कर रहे हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि किशोरी घर से नकदी तथा सोने-चांदी के जेवर भी अपने साथ ले गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।








