
हाथरस 19 जुलाई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की चाणक्य शाखा द्वारा आज गुरु दक्षिणा कार्यक्रम का आयोजन कुशवाह सेवा सदन, गणेश मंदिर, तरफरा मार्ग पर किया गया। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं प्रांत धर्म जागरण प्रमुख विनोद ने भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने सकल हिंदू समाज से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गुरु पूजन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ किसी व्यक्ति विशेष को नहीं, बल्कि भगवा ध्वज को अपना गुरु मानता है। उन्होंने भगवा ध्वज के आदर्शों और उसके सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ का उद्देश्य समाज में सेवा, संगठन और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं और अन्य संकटों के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा किए गए सेवा कार्यों का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुनील वार्ष्णेय (गामा मसाले वाले) ने की। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए समाजहित में संघ के सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। इस अवसर पर नगर संघ चालक डॉ. पी.पी. सिंह, सह नगर कार्यवाह अमित गौतम, नगर सह संपर्क प्रमुख वीरेंद्र माहौर, मोहित वार्ष्णेय, अखिलेश अग्रवाल, अमन, यतीश अग्रवाल, नवीन हींग वाले, डालचंद्र कुशवाह, विष्णु वार्ष्णेय, अंजेया सक्सेना, गुलशन सेंगर, सभासद अतुल चौधरी तथा किशन लाल कुशवाह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।








