Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 17 जुलाई। दंत चिकित्सा के क्षेत्र में पेशेवर उत्कृष्टता, नैतिक कार्यप्रणाली, आपसी एकता तथा सामुदायिक सेवा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) मथुरा ब्रांच का भव्य शुभारंभ किया गया। नई शाखा का उद्देश्य आधुनिक दंत चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ-साथ मथुरा क्षेत्र में मौखिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। शुभारंभ समारोह में आईडीए मुख्यालय, मुंबई के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीवास्तव, ऑनरेरी सेक्रेटरी जनरल डॉ. अशोक धोबले, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव चुघ, सीनियर मैनेजर नितांत सिंह, आईडीए उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. संदीप शुक्ला, सचिव डॉ. सचिन प्रकाश, कोषाध्यक्ष डॉ. आशुतोष सिंह, केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी तथा के.डी. डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आईडीए मथुरा ब्रांच का गठन केडी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया, डॉ. अजय नागपाल एवं डॉ. अनुज गौर के विशेष सहयोग एवं प्रयासों से किया गया। समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर आईडीए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. अजय नागपाल को प्रतिष्ठित प्रेसिडेंशियल मेडल पहनाकर सम्मानित किया। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ऑनरेरी सेक्रेटरी जनरल डॉ. अशोक धोबले ने आईडीए मथुरा ब्रांच के सभी 15 पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक शुभारंभ कराया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। नई कार्यकारिणी में डॉ. अजय नागपाल को अध्यक्ष, डॉ. शैलेंद्र चौहान को प्रेसिडेंट इलेक्ट, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया को मानद सचिव, डॉ. सोनल गुप्ता एवं डॉ. धीरज सिंघल को उपाध्यक्ष, डॉ. अनुज गौर को कोषाध्यक्ष तथा डॉ. सुषमा जी. को संपादक का दायित्व सौंपा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आईडीए के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों ने संस्था की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इंडियन डेंटल एसोसिएशन देश में दंत चिकित्सकों की प्रमुख पेशेवर संस्था है, जिसका उद्देश्य मौखिक स्वास्थ्य मानकों में सुधार, दंत चिकित्सा शिक्षा को उन्नत करना तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। संस्था समय-समय पर निरंतर शिक्षा कार्यक्रम (सीडीई), सेमिनार एवं राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित कर दंत चिकित्सकों को आधुनिक तकनीकों और नवीन अनुसंधानों से अवगत कराती है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अजय नागपाल ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान आईडीए मुख्यालय के पदाधिकारियों ने आगामी वर्ल्ड डेंटल कॉन्फ्रेंस का भी औपचारिक शुभारंभ किया। समारोह का समापन आईडीए मथुरा ब्रांच के मानद सचिव डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page