Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 जुलाई। एजुकेटर प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला रोमांच और शानदार खेल का गवाह बना। खिताबी मुकाबले में टीम संकल्प ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम उड़ान को हराकर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम उड़ान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम संकल्प के अनुशासित और घातक गेंदबाजी आक्रमण के सामने उड़ान के बल्लेबाज नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। टीम की ओर से के.के. पचौरी ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके और उन्होंने सर्वाधिक 15 रन बनाए। टीम संकल्प के विकेटकीपर सचिन ने विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन बल्लेबाजों को कैच एवं स्टंपिंग के जरिए पवेलियन भेजा। वहीं, स्टार गेंदबाज मनीष राजवंशी ने अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी। उन्होंने अपने चार ओवरों के स्पेल में मात्र 12 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम उड़ान निर्धारित ओवरों में केवल 59 रन ही बना सकी। 60 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम संकल्प ने आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की। सलामी बल्लेबाज सुनील जायसवाल ने आकर्षक शॉट खेलते हुए 25 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली, जबकि दूसरे छोर पर सचिन ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 21 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। टीम संकल्प ने मात्र 9 ओवरों में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और प्रतियोगिता की चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबले में शानदार गेंदबाजी करने वाले मनीष राजवंशी को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ के सम्मान से भी नवाजा गया। प्रतियोगिता में सबसे अधिक प्रभावशाली बल्लेबाजी करने वाले सुनील जायसवाल को ‘सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन समारोह में विजय शर्मा, अमित शर्मा, जितेंद्र कौशल, गौरव पचौरी एवं राघवेंद्र गुप्ता ने विजेता टीम संकल्प को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही उपविजेता टीम उड़ान के खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना की भी सराहना की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page