मथुरा 16 जुलाई। अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू), लखनऊ के दूसरे दीक्षांत समारोह में मथुरा के कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर तथा कांती देवी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल्ड और एक सिल्वर मेडल हासिल कर संस्थान और जनपद का गौरव बढ़ाया। समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने करतल-ध्वनि के बीच विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। दीक्षांत समारोह में कांती देवी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की मेधावी छात्रा डॉ. ऋचा ज्योतिभूषण तिवारी को एमडी पीडियाट्रिक्स में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। वहीं कांती देवी डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की डॉ. राधा कुमारी ने पेरियोडोंटोलॉजी विषय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
कॉलेज को एक और उपलब्धि तब मिली जब डॉ. उत्कर्ष सिंह को पीडोडोंटिक्स एंड प्रिवेंटिव डेंटिस्ट्री में द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि से संस्थान में खुशी का माहौल है। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय से संबद्ध मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही 55 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड एवं सिल्वर मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नवोदित चिकित्सकों को चिकित्सा सेवा के प्रति समर्पण, नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की शपथ भी दिलाई।
इस सफलता पर केडी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, डेंटल कॉलेज की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर, उप-कुलपति डॉ. गौरव सिंह, कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र चौहान तथा डॉ. सोनल गुप्ता सहित सभी शिक्षकों एवं अधिकारियों ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक सफलता विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और बेहतर करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि केडी विश्वविद्यालय का उद्देश्य आधुनिक संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ऐसे दक्ष एवं संवेदनशील चिकित्सक तैयार करना है, जो समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।











