
हाथरस 16 जुलाई। केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ऐसी ही एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसने हजारों गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार किया है। जनपद हाथरस के विकास खंड सादाबाद की ग्राम पंचायत सुसायन निवासी श्रीमती सोनिया, पत्नी श्री नीरज इसका एक प्रेरणादायक उदाहरण हैं। करीब 38 वर्षीय श्रीमती सोनिया अपने पति और तीन बच्चों के साथ वर्षों तक एक कच्चे मकान में रहने को मजबूर थीं। बरसात में टपकती छत, गर्मियों की भीषण गर्मी और सर्दियों की कड़ाके की ठंड उनके परिवार के लिए बड़ी परेशानी थी। परिवार की आजीविका मुख्य रूप से मनरेगा के तहत मिलने वाली मजदूरी पर निर्भर थी, जिससे जीवन-यापन कठिनाई से हो पाता था। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्रता के आधार पर उन्हें पक्का आवास स्वीकृत हुआ। आज उनका परिवार सुरक्षित, मजबूत और सम्मानजनक पक्के घर में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। आवास के साथ उन्हें विद्युत कनेक्शन, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, पात्र गृहस्थी राशन कार्ड, व्यक्तिगत शौचालय तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिला है। श्रीमती सोनिया बताती हैं कि पहले हर वर्ष बरसात और आंधी-तूफान के मौसम में परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब पक्का घर मिलने के बाद यह चिंता पूरी तरह समाप्त हो गई है। बच्चों को सुरक्षित वातावरण मिला है और पूरे परिवार का जीवन पहले की तुलना में अधिक सम्मानजनक और सुखद हो गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की इस योजना ने उनके परिवार को केवल एक मकान ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य का भरोसा भी दिया है। जिला प्रशासन का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से जनपद हाथरस में पात्र परिवारों को लगातार पक्के आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।











