
हाथरस 16 जुलाई। दो मासूम बच्चियों की हत्या के चर्चित मामले में फरार मुख्य साजिशकर्ता सोनेलाल उर्फ सोनू के खिलाफ गृह मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन (बीओआई) ने लुक आउट नोटिस (एलओसी) जारी कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी का विवरण देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, बंदरगाहों और लैंड बॉर्डर चेकपोस्ट के सिस्टम में दर्ज कर दिया गया है। अब यदि आरोपी भारत में प्रवेश करने का प्रयास करेगा तो सिस्टम तत्काल अलर्ट जारी करेगा और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस विवेचना में आरोपी विकास के मोबाइल फोन से मिले डिजिटल साक्ष्यों, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर हाथरस पुलिस ने जनवरी 2026 में एलओसी जारी कराने के लिए गृह मंत्रालय को पत्र भेजा था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि रिमाइंडर भेजने के बाद अब लुक आउट नोटिस जारी हो चुका है और आरोपी के भारत आते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सोनेलाल ने दुबई में बैठकर अपने चाचा छोटेलाल गौतम की संपत्ति हड़पने की नीयत से पूरे परिवार की हत्या की साजिश रची थी। उसने गांव के परिचित विकास को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी। 22 जनवरी 2025 की रात विकास और लल्लू पाल ने छोटेलाल के घर में मेहमान बनकर ठहरने के बाद उनकी दो बेटियों सृष्टि (12) और विधि (6) की गला रेतकर हत्या कर दी थी तथा उनकी मां वीरांगना पर भी जानलेवा हमला किया था। मामले में विशेष न्यायालय पहले ही दोनों आरोपियों को फांसी की सजा सुना चुका है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सोनेलाल अब भी फरार है।











