
हाथरस 16 जुलाई। सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में 105 करोड़ रुपये की लागत से उच्च क्षमता का नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। औद्योगिक क्षेत्र को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्युत निगम ने 80 एमवीए क्षमता वाले इस उपकेंद्र का प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है। प्रस्ताव के अनुसार यहां 40-40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे, जिससे वर्तमान के साथ-साथ भविष्य में बढ़ने वाले बिजली भार को भी आसानी से संभाला जा सकेगा।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) द्वारा सलेमपुर में करीब 498 एकड़ क्षेत्र में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जहां विभिन्न क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है। उद्योगों की बढ़ती बिजली जरूरतों को देखते हुए अलग से उच्च क्षमता का उपकेंद्र प्रस्तावित किया गया है। अधिशासी अभियंता होपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रस्ताव शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हाथरस में औद्योगिक विकास को नई गति देने के साथ-साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।
Next News :-हाथरस के 65 विद्यालयों का औचक निरीक्षण, मिड-डे मील और दूध वितरण व्यवस्था मिली संतोषजनक
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













