
हाथरस 14 जुलाई। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। समय रहते परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतार लिया और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे की है। विवाहिता ने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर जान देने का प्रयास किया। काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो विवाहिता फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला के पति का आरोप है कि परिवार के कुछ सदस्य उसकी पत्नी को घर के कामकाज और खाना बनाने को लेकर लगातार ताने देते थे। उनका कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण पत्नी ने यह कदम उठाया। पति ने बताया कि उनकी शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही गहरे सदमे में है। कुछ दिन पहले ही युवक के पिता का निधन हुआ था और अभी उनकी त्रयोदशी भी नहीं हुई है। ऐसे में इस घटना से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।











