Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 14 जुलाई । कस्बे के सादाबाद इंटर कॉलेज में मंगलवार को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य और संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक करना था। विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने अपने पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता को स्वस्थ जीवन का आधार बताया। उन्होंने रंगों और आकर्षक चित्रों का उपयोग करते हुए लोगों से अपने आसपास सफाई बनाए रखने और संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की। निर्णायकों ने संदेश की स्पष्टता, रचनात्मकता और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता में कु. बंदिता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कु. विद्या और ज्योति संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि कु. काजल और कु. तमन्ना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विजेता छात्राओं और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करती हैं। प्रधानाचार्य ने जोर दिया कि स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता केवल विद्यालय तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थी इसे अपने परिवार और समाज तक भी पहुंचाएं। कार्यक्रम की संयोजिका शिखा शर्मा ने संचारी रोगों से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित हाथ धोना, साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। शर्मा ने विद्यार्थियों से अपने घर और आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मु. इमरान, धर्मवीर सिंह, निकेश कुमार तिवारी, कपिल गुप्ता, संजय पाल सिंह, मु. शादाब, ब्रजेश कुमार, प्रदीप कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page