Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 जुलाई। शहर के ओढ़पुरा विद्युत केंद्र पर आज विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं व्यापारी प्रतिनिधियों के बीच समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों ने बिजली आपूर्ति और बिलिंग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से विचार करते हुए समाधान का आश्वासन दिया। बैठक में विद्युत अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सिंह एवं सहायक अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह मौजूद रहे। व्यापारियों की ओर से वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति देवेंद्र मोहता ने विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को विद्युत अधिभार में वृद्धि, अवैध सिक्योरिटी जमा, अघोषित एवं लगातार बिजली कटौती, विद्युत दरों में बढ़ोतरी तथा पूर्ण भुगतान के बावजूद बिजली बिलों में बकाया राशि जोड़ने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की। विद्युत अधिकारियों ने व्यापारियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट किया कि स्थानीय स्तर पर वही नियम लागू किए जा रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन एवं शासन द्वारा निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि बिजली कटौती में सुधार लाने के लिए हाथरस के सभी फीडरों के जूनियर इंजीनियर (जेई) एवं संबंधित अधिकारियों को जनहित में कार्य करने तथा अनावश्यक विद्युत कटौती से बचने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में व्यापारी फैम के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल सहित व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने विभाग से व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान की अपेक्षा जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page