Hamara Hathras

Latest News

सासनी 11 जुलाई। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी के तत्वावधान में शनिवार को ‘बजरंग दल सेवा सप्ताह’ के अंतर्गत एक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविर (मेडिकल कैंप) का आयोजन किया गया। मोहल्ला छिपैटी स्थित डॉ. अंबेडकर धर्मशाला में आयोजित शिविर का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गौड़ एवं जिला सेवा प्रमुख विद्याभूषण गर्ग ने किया। स्वास्थ्य सेवा ही मानव सेवा है, के संकल्प के साथ आयोजित इस शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक पहुंचे।इस अवसर पर विहिप के जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है। जब तक समाज स्वस्थ नहीं होगा, तब तक सशक्त राष्ट्र की कल्पना अधूरी रहेगी। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य निरंतर करते रहेंगे। शिविर की व्यवस्थाओं का संचालन प्रखंड अध्यक्ष योगेश वार्ष्णेय, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड सह मंत्री सचिन भार्गव एवं जयपाल सिंह कुशवाहा, तथा बजरंग दल प्रखंड संयोजक अंकित उपाध्याय ने किया। सभी पदाधिकारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी की चिकित्सा टीम एवं स्थानीय नागरिकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में आशीष शेखावत, सत्यम, अमन भार्गव, अंकित शर्मा, गोलू तथा देदामाई खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। टीम में डॉ. पावस कुशवाहा, डॉ. नीतू सिंह, असलम अख्तर खान, आकांक्षा उपाध्याय एवं आकाश कौशिक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे। चिकित्सा शिविर में मरीजों की ब्लड प्रेशर (बीपी), शुगर, बुखार, मौसमी बीमारियों तथा सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा परामर्श के बाद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। इसके साथ ही मानसून के मौसम को देखते हुए डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड जैसी बीमारियों से बचाव एवं स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के समापन पर स्थानीय नागरिकों ने विहिप एवं बजरंग दल के इस सेवाभावी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क चिकित्सा शिविर गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page