Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 जुलाई। शहर के कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र स्थित मोहल्ला रमनपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आज दोपहर शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग लगने से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और विद्यालय में मौजूद सभी 21 छात्राएं सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब दो बजे विद्यालय की ऊपरी मंजिल पर स्थित एक कमरे में अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देख छात्राओं और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। संयोगवश आग लगने के समय सभी 21 छात्राएं नीचे मैस में भोजन कर रही थीं, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और आग को अन्य कमरों तक फैलने से रोक दिया। इसी दौरान थाना समाधान दिवस में मौजूद जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा को घटना की सूचना मिली। दोनों अधिकारी तत्काल प्रशासनिक टीम के साथ विद्यालय पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर छात्राओं एवं शिक्षकों से घटना की जानकारी ली। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि प्रथम दृष्टया विद्यालय परिसर में चल रहे अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान प्रयुक्त मशीनरी के कारण विद्युत लाइन पर अतिरिक्त भार पड़ने से शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जा रहा है। इस घटना के बाद सभी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था का और अधिक गहनता से परीक्षण कराया जाएगा तथा आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी विद्यालयों में अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें टॉफी और चिप्स वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। अधिकारियों ने छात्राओं से आग, भूकंप एवं अन्य आपदाओं के दौरान सुरक्षित निकासी और बचाव के उपायों की जानकारी भी ली तथा आपदा के समय सतर्कता और सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान भी किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी, तहसीलदार, पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page