Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 जुलाई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की 78वीं स्थापना वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शनिवार को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर हाथरस नगर इकाई द्वारा बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में युवा प्रेरणा उत्सव एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन राशि वार्ष्णेय ने किया।मुख्य अतिथि बृजेश वशिष्ठ ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पिछले 78 वर्षों से राष्ट्रवादी छात्र शक्ति को संगठित कर शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य कर रही है। युवाओं को “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्य विद्याप्रतीक बर्टक्के ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित एबीवीपी ब्रज प्रांत के प्रांत सह मंत्री पुनीत कश्यप ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त आंदोलन है। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता शिक्षा, सेवा और संस्कार के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए कार्यरत है। आज के दौर में विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहते हुए तकनीक और नवाचार को भी अपनाना चाहिए। परिषद का उद्देश्य केवल डिग्रीधारी छात्र तैयार करना नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पित एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है। कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर उपाध्यक्ष एवं असिस्टेंट प्रोफेसर राजकुमार ने कहा कि एबीवीपी छात्रों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करती रही है और आगे भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, छात्र समस्याओं के समाधान तथा राष्ट्र निर्माण के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाती रहेगी। नगर सह मंत्री श्याम गौतम ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री सर्वेश शर्मा, जिला छात्रा प्रमुख चंचल कुशवाहा, नगर मीडिया संयोजक हरि गोपाल अग्निहोत्री सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। एबीवीपी पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं इंटर कॉलेजों में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है। दून पब्लिक स्कूल, डीआरवी इंटर कॉलेज सहित कई शिक्षण संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं, जबकि आगामी मंगलवार तक विभिन्न विद्यालयों में इसी क्रम में विचार गोष्ठियां एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page