Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 जुलाई। क्षेत्र में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। बुधवार सुबह रिमझिम बारिश शुरू हुई, जो देर तक जारी रही। मानसून की इस पहली बरसात ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत पहुंचाई। दोपहर को निकली धूप ने फिर लोगों को पसीना पसीना कर दिया। बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार तक जहां तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस था, वहीं मानसून सक्रिय होने के बाद इसमें करीब 9 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। बारिश का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। बुधवार से क्षेत्र के स्कूल पूरी तरह खुल गए थे, लेकिन सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकांश विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रही। कई अभिभावकों ने छोटे बच्चों को घर पर ही रखना उचित समझा। स्कूल पहुंचे शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों की कम संख्या की पुष्टि की। बारिश के चलते शहर और कस्बे की सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे को छोड़कर अधिकांश मार्गों पर वाहनों और लोगों की आवाजाही कम दिखी। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही और लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। वहीं, मानसून की पहली बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बरसात खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक साबित होगी। इससे धान और बाजरा सहित अन्य फसलों की बुवाई में तेजी आने की उम्मीद है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों ने बारिश का स्वागत करते हुए इसे खेती के लिए शुभ संकेत बताया। लगातार हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने पूरे क्षेत्र के मौसम को सुहाना बना दिया लेकिन दोपहर में भी उमस का प्रभाव दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page