
हाथरस 13 जून । जिले में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी पांच दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं 13 और 14 जून को तेज हवाओं, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार जताए गए हैं।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इन दो दिनों के दौरान करीब 30 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम फिर शुष्क होने लगेगा और जिले में भीषण गर्मी तथा लू का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हवा की गति सामान्यतः 7 से 24 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जबकि आंधी-तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार सामान्य से 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटा अधिक हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि जायद की तैयार फसलों की कटाई और मड़ाई फिलहाल रोक दी जाए। साथ ही खरीफ मक्का की बुवाई भी मौसम स्थिर होने तक टालने की सलाह दी गई है, ताकि आंधी और बारिश से होने वाले संभावित नुकसान से बचा जा सके।





















