
हाथरस 13 जून । महिला थाना में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट तथा जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कुंवरपुर निवासी अंजली पुत्री जौहर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका विवाह 12 मार्च 2024 को मोहित पुत्र राजाराम निवासी दामोदर विहार कॉलोनी, आगरा रोड, थाना मडराक, जनपद अलीगढ़ के साथ हुआ था। विवाह में उसके पिता द्वारा लगभग 12 लाख रुपये खर्च कर उपहार एवं घरेलू सामान दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं हुआ। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद पति मोहित, सास संगीता, ससुर राजाराम, देवर गौरव और ननद डॉली अतिरिक्त दहेज के रूप में दो लाख रुपये नकद एवं एक मारुति कार की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। अंजली के अनुसार 7 फरवरी 2026 को पति और अन्य ससुरालीजनों ने उसके साथ मारपीट की तथा गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिससे उसकी जान बच सकी। बाद में उसे उसके पिता के साथ मायके भेज दिया गया। पीड़िता का कहना है कि तब से ससुराल पक्ष की ओर से उसे वापस नहीं बुलाया गया है।महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















