Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 13 जून । कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला विद्यापति नगर, मुरसान गेट में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन आनन-फानन में युवक को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सोनू शर्मा निवासी विद्यापति नगर, मुरसान गेट के रूप में हुई है। सोनू की शादी करीब आठ माह पूर्व शिल्पी के साथ हुई थी। वह भाजपा नेता देवेंद्र शर्मा की कोमल कॉम्प्लेक्स स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान पर कार्य करता था, जबकि उसकी पत्नी भी एक गारमेंट्स की दुकान पर नौकरी करती है। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन दोनों पति-पत्नी अपनी-अपनी ड्यूटी पर गए थे। बाद में सोनू घर लौट आया और अपनी मां को मोहल्ला खातिखाना स्थित ननिहाल छोड़कर वापस घर आ गया। जब वह काफी देर तक दुकान नहीं पहुंचा तो पत्नी को चिंता हुई। उसने कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद परिजनों और परिचितों को सूचना दी गई। जब लोगों ने घर पहुंचकर देखा तो सोनू कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पत्नी शिल्पी ने बताया कि सोनू पिछले कुछ समय से शहर के मोहल्ला खातिखाना निवासी एक व्यक्ति से करीब एक लाख रुपये की उधारी वापस मांग रहा था। संबंधित व्यक्ति कथित रूप से कमेटी का संचालन भी करता है। कई बार तकादा करने के बावजूद रुपये वापस न मिलने से सोनू मानसिक तनाव में रहने लगा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा परिजनों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page