
हाथरस 05 जून । केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत वन विभाग के तत्वावधान में जनपद के विभिन्न स्थलों पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। नगर वन सुसायत सासनी में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने पीपल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने बरगद तथा मुख्य विकास अधिकारी ने पाकड़ का पौधा रोपित किया।

इस अवसर पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष धरती के भूषण हैं और प्रदूषण को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, आंगन, खेत, कार्यालय अथवा उपलब्ध स्थान पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान सभी ने ऑक्सीजन के महत्व को महसूस किया था, इसलिए पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा जनपद को दिए गए पौधारोपण लक्ष्य को सरकार एवं संगठन के समन्वित प्रयासों से पूर्ण किया जाएगा। साथ ही पहले से लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं देखभाल पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। विधायक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण को अपनी परंपरा का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने बच्चों के जन्मदिन पर पौधा लगाएगा तो उसके प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी रहेगा और उसकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित होगी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिला उपाध्यक्ष अविनाश तिवारी, प्रेमपाल सिंह सोलंकी, मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सासनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया।

वहीं ग्राम मीरपुर स्थित मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सादाबाद विधायक प्रदीप कुमार ने हरिशंकरी का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उधर सिकंदराराऊ क्षेत्र के नगला कांच वन भूमि में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने हरिशंकरी का पौधरोपण करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण कर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इसके अतिरिक्त शासन की मंशा के अनुरूप हाथरस, सिकंदराराऊ एवं सादाबाद रेंज क्षेत्रों में सड़कों के किनारे, सार्वजनिक भूमि, ग्राम पंचायतों की भूमि, गौशालाओं, शिक्षण संस्थानों, किसानों के खेतों एवं मेड़ों, राजकीय पौधशालाओं तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायतों की सार्वजनिक भूमि पर भी बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। इस अभियान में वन विभाग, पंचायत विभाग, कृषि विभाग तथा स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की।
























