Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 02 जून । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव महौं स्थित संतोष कुमार हरभेजी चंदेल इंटर कॉलेज में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं स्वास्थ्य संवर्धन के उद्देश्य से समर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बच्चों को योग, व्यायाम एवं विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे वे अवकाश के दौरान भी सक्रिय और तनावमुक्त रह सकें। समर शिविर का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेन्द्र कुमार चंदेल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने शिविर में प्रतिभाग कर रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन शैली का आधार है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से योगाभ्यास करने तथा इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित ऐसे समर शिविर बच्चों को मानसिक तनाव से दूर रखने के साथ-साथ उनके शारीरिक और बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। योग क्रियाओं को नियमित रूप से करने से शरीर स्वस्थ, मन प्रसन्न और व्यक्तित्व ऊर्जावान बना रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि शिविर में सीखी गई योग क्रियाओं को अपने घर, गांव और आसपास के बच्चों के साथ भी साझा करें, ताकि अधिक से अधिक लोग योग के लाभों से परिचित हो सकें और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हों। शिविर के दौरान बच्चों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही उन्हें नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य गौरव कुमार, तेजवीर सिंह चंदेल, मृत्युंजय शर्मा, रिंकू बाबू, अनिल पाठक, नीलू सिंह, शारदा देवी, संध्या सेंगर, संध्या कुमारी, मनोज कुमार, सचिन, अंकित, शिवकांत, राहुल, सुमन, अवनीश, प्रीति, श्वेता एवं सलमान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page