
हाथरस 31 मई । हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव के पास शुक्रवार देर रात 16 वर्षीय किशोर बंटी का शव मिला था। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंटी पुत्र जानकी प्रसाद, निवासी मिर्जापुर, कक्षा नौ का छात्र था। स्वजन के अनुसार, वह 29 मई को शाम जलेसर में जिम जाने के लिए बाइक से निकला था। देर तक न लौटने पर तलाश शुरू की गई। हाथरस-एटा सीमा पर भोपतपुर के पास क्षतिग्रस्त बाइक के नीचे उसका शव मिला। पिता जानकी प्रसाद ने आरोप लगाया कि शव पर गंभीर चोटें थीं, दोनों आंखें क्षतिग्रस्त और सिर कुचला हुआ था। स्वजन ने हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कोतवाल ललित कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और मामले में जांच जारी है।























