सादाबाद 27 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव नीति निवास में बुधवार देर शाम नाली निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्राथमिक विद्यालय के पास नाली निर्माण के दौरान अचानक स्कूल की पुरानी दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे में दो लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
ग्राम पंचायत निधि से गांव नीति निवास में पानी की निकासी के लिए प्राथमिक विद्यालय के बगल में नाली निर्माण कार्य कराया जा रहा था। बुधवार शाम को निर्माण कार्य के दौरान अचानक स्कूल की जर्जर दीवार ढह गई। दीवार गिरने से वहां काम कर रहे राजमिस्त्री डालचंद, सोनपाल और मजदूर मोहित मलबे में दब गए। तीनों गांव नीति निवास के निवासी बताए गए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों घायलों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजमिस्त्री डालचंद की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल मोहित को उपचार के लिए आगरा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं सोनपाल का उपचार बि सावर के एक अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम मनीष चौधरी, तहसीलदार हेमंत चौधरी और क्राइम निरीक्षक जेपी सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घटना की जानकारी लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कराई। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Next News :-हाथरस के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नील फैक्ट्री में लगी आग, लाखों रुपए के नुकसान की आशंका
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















