
हाथरस 26 मई । मीतई गांव में 18 वर्षीय युवक प्रिंस पुत्र सुग्रीव सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी अब तक नहीं सुलझ सकी है। रविवार सुबह प्रिंस का शव पड़ोसी के घर में करीब चार फुट ऊंचे जंगले पर लटका मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में स्वजन को सौंप दिया। अब मृतक के परिजनों ने थाना चंदपा में तहरीर देकर एक वकील सहित कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता का कहना है कि प्रिंस का गांव खेड़ा परसोली की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर गांव के कुछ युवक उससे रंजिश रखते थे। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व युवकों ने तमंचे के बल पर उसे धमकाया था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एक वकील द्वारा फोन पर प्रिंस को जान से मारने की धमकी दी गई थी। स्वजन ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए कहा कि प्रिंस जुझारू स्वभाव का था और वह आत्महत्या नहीं कर सकता। परिजनों का कहना है कि जिस स्थान पर शव मिला, वहां छत तक रेलिंग लगी हुई थी, ऐसे में केवल चार फुट ऊंचे जंगले से लटकना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
























