Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 मई । बिसावर क्षेत्र के गांव विधिपुर में बीती शनिवार मध्यरात्रि बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर लिए। चोरी का विरोध करना गृह स्वामिनी को भारी पड़ गया। शोर मचाने पर बदमाशों ने महिला पर हमला कर दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गांव विधिपुर निवासी देवेश कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह दिल्ली में चालक की नौकरी करते हैं। उनकी पत्नी ज्योति बच्चों के साथ गांव में रहती हैं। घटना वाली रात घर में केवल ज्योति और बच्चे मौजूद थे, जबकि उनकी मां रिश्तेदारी में गई हुई थीं। देवेश के अनुसार, 23 और 24 मई की रात दो अज्ञात बदमाश छत के रास्ते घर में घुस आए। बदमाश सीधे कमरे तक पहुंचे और वहां रखी अलमारी का ताला तोड़ दिया। चोरों ने अलमारी में रखे कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी हुए सामान में दो पायजेब, एक हाफ करधनी, एक फुल करधनी और एक सोने की अंगूठी शामिल है। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों में हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद जब बदमाश वापस लौट रहे थे, तभी खुली छत पर सो रही ज्योति की आंख खुल गई। संदिग्ध आहट महसूस होते ही उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर बदमाश बौखला गए। भागते समय बदमाशों ने छत पर रखा चायदान उठाकर ज्योति पर फेंक दिया। हमले में ज्योति घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही देवेश कुमार दिल्ली से तत्काल गांव पहुंचे। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिसावर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page