सादाबाद 24 मई । मुरसान मार्ग स्थित प्रगति पुरम इलाके में रविवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यह आयोजन भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री डॉ. देवचंद गौड़ के संयोजन में किया जा रहा है।
कथा प्रारंभ होने से पूर्व भागवत आचार्य संत श्री राधे-राधे बाबूजी बरका धाम, वृंदावन ने विधि-विधान से श्रीमद्भागवत महापुराण का पूजन कराया। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को कथा के महत्व से अवगत कराया। इस अवसर पर कई गणमान्य लोगों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे कथा स्थल से कलश यात्रा शुरू हुई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए पीत वस्त्रों में सजी महिलाएं और युवतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजों और भक्ति गीतों के बीच निकली यह कलश यात्रा प्रगति पुरम से शुरू होकर विभिन्न इलाकों से गुजरती हुई मुरसान मार्ग स्थित पथवारी मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद यात्रा पुनः कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई।कथा व्यास संत राधे-राधे बाबूजी ने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 25 मई को मंगलाचरण, कुंती एवं भीष्म स्तुति की कथा सुनाई जाएगी। 26 मई को सती चरित्र, ध्रुव चरित्र एवं प्रह्लाद चरित्र का वर्णन होगा। 27 मई को एकादशी उद्यापन, समुद्र मंथन, रामचरित्र एवं कृष्ण जन्मोत्सव की कथा होगी। 28 मई को नंदोत्सव, बाल लीलाएं एवं गिरिराज पूजन का प्रसंग सुनाया जाएगा। 29 मई को गोपी गीत, रासलीला, कंस उद्धार एवं रुक्मणी विवाह का वर्णन किया जाएगा। वहीं 30 मई को भगवान के अन्य विवाह प्रसंगों के साथ सुदामा चरित्र की कथा होगी। 31 मई को हवन, पूर्णाहुति एवं प्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन किया जाएगा। कलश यात्रा एवं कथा शुभारंभ के दौरान भाजपा नेता डॉ. देवचंद गौड़, डॉ. अनीता गौड़, अंकुर गौड़, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।


























