Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 मई । सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में आज अंशकालिक अनुदेशक सम्मान समारोह, बढ़े हुए मानदेय वितरण तथा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने की।

कार्यक्रम में अनूप प्रधान वाल्मीकि, अंजुला सिंह माहौर, प्रदीप कुमार, प्रेम सिंह कुशवाह, अतुल वत्स, चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा पी.एन. दीक्षित की उपस्थिति रही। अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया गया, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सादाबाद की छात्राओं ने स्वागत गीत पर मनमोहक प्रस्तुति दी। समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वर्चुअल संबोधन के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षा के महत्व पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया और छात्रों के उन्नयन हेतु तैयार कैलेंडर का विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री के संबोधन के उपरांत मंचासीन अतिथियों ने अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय से संबंधित डेमो चेक वितरित किए तथा नव नियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन प्रदान कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के उत्कृष्ट निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि अनुदेशकों का मानदेय 9 हजार रुपये से बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया जाना सरकार की संवेदनशीलता और शिक्षकों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके संस्कार, प्रतिभा और व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, विधायक अंजुला सिंह माहौर और विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि जनपद की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में अनुदेशकों और शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा बच्चों में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम के समापन पर मंचासीन अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं गोदान पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्याम सिंह, रवि सारस्वत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, अनुदेशक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page