Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़/हाथरस 10 मई । राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) के स्नातक और परास्नातक के सम सेमेस्टर की परीक्षाओं में शामिल हुए दो लाख से अधिक परीक्षार्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 31 मई से परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी पूरी कर ली है। 10 जून तक सभी संकायों के नतीजे जारी कर दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय से संबद्ध अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज के महाविद्यालयों में वर्तमान में सेमेस्टर परीक्षाएं अपने अंतिम चरण में हैं। परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा परिणाम जारी करने की प्रक्रिया उन कॉलेजों से शुरू की जाएगी, जिन्होंने प्रयोगात्मक परीक्षा (प्रैक्टिकल) के अंक विश्वविद्यालय पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं। शेष महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों को पत्र जारी कर जल्द से जल्द अंक भेजने के निर्देश दिए गए हैं। 13 मई को होने वाली विधि (Law) की परीक्षाओं के समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है। बीएड परीक्षा के कारण अब बीएएलएलबी चौथे सेमेस्टर और एलएलबी दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे वाली तीसरी पाली में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, एमएससी चौथे सेमेस्टर की टली हुई परीक्षा अब 18 मई को संपन्न होगी। विश्वविद्यालय ने नए सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर भी जारी कर दिया है, जिसके तहत 31 जुलाई तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page