सिकंदराराऊ (हसायन) 10 मई । कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत पुरदिलनगर मार्ग स्थित गांव बपंडई के जंगलों में शनिवार देर रात नीलगाय (पहाड़ी) का शिकार करने की कोशिश कर रहे शिकारियों की घेराबंदी कर ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर उसके अन्य साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए युवक को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, शनिवार (9 मई) की देर रात करीब 9:00 बजे पड़ोसी गांव बकायन के रहने वाले एक विशेष समुदाय के 5-6 युवक नीलगायों के शिकार के उद्देश्य से बपंडई के जंगलों में पहुंचे थे। ग्रामीण तब सतर्क हुए जब नीलगायों का झुंड अपनी जान बचाने के लिए गांव की ओर भागता हुआ दिखाई दिया। संदिग्ध गतिविधि देख ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय गौ-रक्षकों को इसकी सूचना दी।
झाड़ियों में छिपा मिला संदिग्ध युवक
सूचना मिलते ही गौ-रक्षक और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुरदिलनगर मार्ग पर स्थित बंद पड़े अस्थाई गौ-संरक्षण केंद्र के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल खड़ी मिली। ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में आसपास के इलाके की तलाश शुरू की, तो सड़क किनारे पतेल की झाड़ियों में एक युवक छिपा हुआ मिला। पकड़े जाने पर युवक ने पहाड़ी (नीलगाय) के शिकार के लिए आने की बात स्वीकार की। हालांकि, शोर मचने पर उसके बाकी साथी चकमा देकर भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को फोन कर युवक और मोटरसाइकिल को उनके सुपुर्द कर दिया।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस मामले में कोतवाली पुलिस पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इनके पास कोई अवैध हथियार भी थे। कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर एक युवक को कोतवाली लाकर बैठाया गया है। रात में शिकार की घटना की बात संदिग्ध लग रही है, फिर भी पूरे प्रकरण की गहनता से जांच और छानबीन की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


























