
हाथरस 10 मई । मातृ दिवस के अवसर पर रविवार को अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ द्वारा एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान संगठन की पदाधिकारियों ने महिला थाना पहुंचकर थाना प्रभारी रितु तोमर एवं अन्य पुलिस कर्मियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान एसोसिएशन की पदाधिकारियों ने महिला थाना प्रभारी रितु तोमर द्वारा महिला सुरक्षा के प्रति किए जा रहे समर्पण और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने हेतु उनके द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। संगठन की सदस्यों ने कहा कि पुलिस विभाग में रहते हुए एक ‘मां’ की तरह समाज का ख्याल रखना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना सराहनीय है। सम्मान स्वीकार करते हुए महिला थाना प्रभारी रितु तोमर ने अखिल भारतीय वार्ष्णेय महिला एसोसिएशन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सदैव महिलाओं की सुरक्षा, सहायता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने महिलाओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याएं पुलिस के समक्ष रखने के लिए प्रोत्साहित भी किया। इस अवसर पर अखिल भारतीय वार्ष्णेय महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष कल्पना वार्ष्णेय, डिम्पल वार्ष्णेय, श्वेता वार्ष्णेय, प्रियंशी वार्ष्णेय, पूनम वार्ष्णेय, रेनू वार्ष्णेय, पूजा वार्ष्णेय, कुसुम वार्ष्णेय, मंजू वार्ष्णेय, मधु वार्ष्णेय, लक्ष्मी वार्ष्णेय, सुनीता वार्ष्णेय, चित्रा वार्ष्णेय, आशु वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय, नीलम वार्ष्णेय एवं अंजू वार्ष्णेय सहित संगठन की अन्य सदस्याएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


























