Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 मई । जनपद में बढ़ते तापमान और लू (हीट-वेव) के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने अपनी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रकाश चन्द्र ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की और शासन की मंशा के अनुरूप कार्ययोजना को अमलीजामा पहनाने के कड़े निर्देश दिए। एडीएम ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी पशु केंद्रों पर आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। गौशालाओं में संरक्षित गौवंश के लिए पीने का पानी, चारा और छाँव की पुख्ता व्यवस्था हो। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक किया जाए कि वे दोपहर के समय मवेशियों को बाहर न निकालें। शिक्षा विभाग (डीआईओएस और बीएसए) को सख्त निर्देश दिए गए कि सभी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं के लिए शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और पंखों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ग्रामीण क्षेत्रों में टैंकरों से होगी जलापूर्ति

जिला पंचायतराज अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों और चौराहों पर पानी की टंकी या टैंकर रखवाए जाएं। साथ ही ग्राम प्रधानों के माध्यम से गाँवों के तालाबों को भरवाने के निर्देश दिए गए, ताकि पशु-पक्षियों को राहत मिल सके। परिवहन विभाग को बस स्टैंडों पर प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल और पंखों के रखरखाव के निर्देश दिए गए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम रखने को कहा गया।

खराब हैंडपंपों की होगी तत्काल मरम्मत

प्रभारी अधिकारी (आपदा) व एसडीएम धर्मेंद्र सिंह ने नगर निकायों और पंचायतीराज विभाग को क्षेत्र के सभी खराब हैंडपंपों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड पर रहने और तंग गलियों में आग लगने की स्थिति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page