
हाथरस 24 मई। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से आज टोल प्लाजा बरोस, खंदौली-सादाबाद पर यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह यादव द्वारा हमराह कांस्टेबल दुर्गेश कुमार, कांस्टेबल हरीश पाल लोहिया, होमगार्ड अनुज कुमार एवं क्रिटिकल टीम सादाबाद के साथ विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों तथा दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील भी की। इसके अतिरिक्त रुहेरी तिराहा एवं प्रताप चौराहा इगलास रोड पर प्रेशर हॉर्न के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियम विरुद्ध लगे प्रेशर हॉर्न हटवाए गए तथा संबंधित वाहन चालकों के चालान भी किए गए। यातायात पुलिस द्वारा लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन का संदेश दिया गया।

Next News :– श्रीमद भागवत कथा में कंस वध एवं रुक्मणी-कृष्ण विवाह प्रसंग का हुआ भावपूर्ण वर्णन
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101





















