Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 मई । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव वीरनगर निवासी एक विवाहिता ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में तहरीर देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। आरोप है कि ससुराली उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता कुसुमलता ने अपनी तहरीर में बताया कि 28 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7-8 बजे उसकी सास गुड्डी देवी, ससुर रवेंद्र सिंह, देवर रवि व सोनू और देवरानी अंगूरी देवी ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़िता का कहना है कि ससुराल वाले उसे ताना देते हैं कि “तेरा खर्चा तेरा पिता उठाएगा, वरना तुझे मार कर भगा देंगे।” महीने में एक-दो बार पीटना ससुरालियों की आदत बन चुकी है।

बच्चों की फीस के पैसों से पी शराब

विवाहिता ने एक और चौंकाने वाला आरोप लगाया है। उसने बताया कि उसके भाई ने बच्चों के स्कूल एडमिशन के लिए 10 हजार रुपये आरोपियों के खाते में भेजे थे। इसमें से मात्र 8300 रुपये स्कूल में जमा किए गए और बाकी बचे पैसों को उसके पति अजीत कुमार और ससुर शराब में उड़ा गए।

मथुरा कांड जैसा हश्र करने की धमकी

कुसुमलता का आरोप है कि पूर्व में भी उसने शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया। अब आरोपी खुलेआम उसे डरा रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, आरोपी कह रहे हैं कि- “पैसे के बल पर हम छूट आए हैं, अब तेरा वही हाल करेंगे जैसा मथुरा में मर्डर हुआ है, तुझे चैन से नहीं रहने देंगे।”

पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

पीड़िता ने हाथरस जंक्शन पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि दो बार बुलाने के बावजूद भी एसओ (SO) ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। पति ने भी मिलीभगत कर एसडीएम कोर्ट से जमानत कराकर अपना और परिजनों का नाम निकलवा दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने जांच के आदेश दिए हैं। कांस्टेबल नेमेश कुमार द्वारा तैयार की गई तहरीर की नकल के आधार पर पुलिस अब नए सिरे से मामले की पड़ताल कर रही है। पीड़िता ने अपने और अपने बच्चों की जान बचाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page