
हाथरस 03 मई । कोतवाली जंक्शन क्षेत्र के वीरनगर में रविवार को निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिर गया। इससे तीन लोग घायल हो गए। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां एक व्यक्ति की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गांव वीरगर में एक मकान पर निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को लेबर निर्माण का कार्य कर रही थी। अचानक निर्माणाधीन मकान का लिंटर गिर गया। इससे सचिन पुत्र लालू निवासी ढ़कपुरा थाना हाथरस गेट, मुसीर पुत्र बसीर निवासी मेंडू थाना जंक्शन व राज मिस्त्री घायल हो गए। मौके पर चीख पुकार मच गई। लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। लोगों ने घायलों को मलबे से बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सक ने तीनों घायलों का उपचार किया। राज मिस्त्री की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।





















