Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 मई । मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) रविवार को हाथरस जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिले के तीन निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कुल पंजीकृत 1129 परीक्षार्थियों में से 1107 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 22 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के लिए निर्धारित केंद्रों सरस्वती इंटर कॉलेज, बागला डिग्री कॉलेज और अक्रूर इंटर कॉलेज पर सुबह 11 बजे से ही परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की भीड़ जुटने लगी थी। चिलचिलाती धूप के बावजूद केंद्रों के बाहर काफी गहमागहमी देखी गई। प्रशासन द्वारा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए परीक्षार्थियों की त्रिस्तरीय चेकिंग की गई। सघन तलाशी के साथ-साथ बायोमेट्रिक पुष्टि अनिवार्य की गई थी। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल, घड़ी या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं दी गई। पूरी परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की तीसरी आंख की निगरानी में संपन्न हुई। उच्चाधिकारी लगातार केंद्रों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे।

सिटी कोर्डिनेटर महाभारत सिंह से मिली जानकारी के अनुसार सरस्वती इंटर कॉलेज में कुल 312 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 308 उपस्थित रहे, जबकि 4 अनुपस्थित रहे। बागला डिग्री कॉलेज में 480 में से 469 अभ्यर्थी मौजूद रहे और 11 अनुपस्थित रहे। अक्रूर इंटर कॉलेज में 337 में से 330 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7 अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा छूटने के बाद केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ के कारण कुछ समय के लिए आवागमन में धीमी गति देखी गई। अधिकांश परीक्षार्थियों ने पेपर को संतुलित बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page