
हाथरस 03 मई । महिला थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सादाबाद के गांव नगरिया छावा निवासी शालू ने पति गिरजेश, ससुर मनोज कुमार, सास राजेश देवी, देवर प्रांसू और ननद उमा व प्रभा के खिलाफ मारपीट, दहेज मांगने और जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पीड़िता का आरोप है कि पति ने DMD बीमारी से ग्रसित मासूम बेटे को मारने को कहा और तीन माह का गर्भ भी लात मारकर गिरा दिया।शालू पुत्री सत्यपाल सिंह की शादी 21 नवंबर 2021 को आगरा के कागारोल थाना क्षेत्र के नगला जयराम निवासी गिरजेश से हुई थी। पिता ने बीएस फार्म हाउस सादाबाद में शादी पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए। कुछ दिन बाद ससुरालीजन मारपीट व गाली-गलौज करने लगे और 5 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने लगे। शालू ने संसर्ग से पुत्र अयांश को जन्म दिया। अयांश जन्म से DMD बीमारी से ग्रसित है। बीमारी का इलाज न होने की बात पता चलते ही पति ने कहा- “इसका इलाज मैं कहां से करूंगा, इसे जान से मार दो”। जान से मारने की नीयत से पत्नी और बेटे का गला दबाया, लात-घूंसों से पीटा। पेट में लात मारने से शालू का तीन माह का गर्भ खंडित हो गया।
तहरीर के अनुसार, शालू ने 112 पर कॉल की तो पुलिस आई और समझा-बुझाकर चली गई। उसी रात 10:30 बजे पति और ससुरालीजन फिर मारपीट करने लगे। दोबारा 112 पर कॉल करने पर पति ने फोन छीन लिया। आरोप है कि पहले कई बार चाय में जहर मिलाकर पिलाया गया, जिससे वह मुश्किल से बची। पिता के समझाने पर शालू पति के साथ चली गई। रास्ते में पति ने जान से मारने की नीयत से चलती गाड़ी से धक्का दे दिया। गंभीर चोट लगने पर राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। पिता ने इलाज कराकर उसे मायके ले आए। 23 अक्टूबर 2025 को पति कुछ लोगों के साथ मायके पहुंचा और पिता के साथ गाली-गलौज व मारपीट की, तलाक की धमकी दी।





















