Hamara Hathras

Latest News

सासनी 03 मई । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ओवरटेक करने की कोशिश में दो बाइकें आपस में टकरा गईं और सवार सड़क पर गिरकर पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गए।

ओवरटेक के चक्कर में हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे सादाबाद कस्बा निवासी 30 वर्षीय राशिद पुत्र शाहिद, अपने चाचा पप्पन (47 वर्ष) और 10 वर्षीय शिफा पुत्री पप्पन को बाइक पर बिठाकर घर से निकले ही थे। इसी दौरान हाथरस की तरफ से आ रहा बाइक सवार 18 वर्षीय यासुद्दीन निवासी डेहरा गढ़ी (थाना अमल खेड़ा, आगरा) प्रकाश एकेडमी के पास पहुंचा। यासुद्दीन अपनी बहन की ससुराल नगला फतेला जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यासुद्दीन ने एक वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे उसकी बाइक राशिद की बाइक से जा टकराई।

ट्रक के पहिए के नीचे आए बाइक सवार

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग हाईवे पर गिर पड़े। उसी समय अलीगढ़ की तरफ से सीमेंट से लदा एक ट्रक आ रहा था। चालक ने बाइक सवारों को बचाने के लिए ब्रेक लगाए और ट्रक को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन तब तक यासुद्दीन और राशिद ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। हादसे में यासुद्दीन का हाथ और पैर कुचल गया, जबकि 10 वर्षीय शिफा का पैर का पंजा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। राशिद को भी गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।

उपचार के दौरान मौत, एक की हालत नाजुक

राहगीरों ने आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने यासुद्दीन और राशिद की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान यासुद्दीन ने दम तोड़ दिया। यासुद्दीन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।

परिजनों को सौंपा गया शव

अलीगढ़ में पोस्टमार्टम के बाद यासुद्दीन का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं, घायल मासूम शिफा का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पप्पन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि राशिद का उपचार जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page