
हाथरस 03 मई । जनपद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता का आक्रोश अब उग्र रूप लेता जा रहा है। आज गिजरोली बिजली घर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में महिलाएं अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर हाथों में लेकर बिजली घर पहुंच गईं। महिलाओं ने विभाग के खिलाफ हल्ला बोल करते हुए सभी मीटरों को बिजली घर परिसर में ही पटक दिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग व सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। आक्रोशित महिलाओं का कहना था कि जब से स्मार्ट मीटर लगे हैं, उनके बिजली के बिल पहले की तुलना में कई गुना ज्यादा आ रहे हैं। इसके अलावा, बिना किसी पूर्व सूचना या चेतावनी के अचानक बिजली काट दी जाती है, जिससे इस भीषण गर्मी में आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बिजली घर के घेराव के दौरान मौके पर विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों की स्पष्ट मांग थी कि इन स्मार्ट मीटरों को तुरंत हटाया जाए और पुराने मीटरों को वापस लगाया जाए। बता दें कि बीते कल भी इसी समस्या को लेकर महिलाओं ने आगरा रोड पर चक्का जाम किया था। हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने आक्रोशित महिलाओं और प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए। हालांकि, क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मीटरों की गड़बड़ी और भारी बिलों की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






















