
हाथरस 02 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड पर नगला मोठा के निकट शुक्रवार की रात खड़े हुए युवक को बाइक ने टक्कर मार दी। सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए आगरा ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किशोर 35 पुत्र रोशनलाल निवासी नगला मोठा थाना हाथरस गेट मुरसान के निकट स्थित एक गलीचा फैक्टरी में काम करके गुजारा करता था। वह शुक्रवार की देर शाम फैक्टरी से काम खत्म करके गांव जा रहा था। वह टैंपो से मथुरा रोड पर अपने गांव के निकट उतर गया। गांव के निकट वह रोड पर खड़ा हुआ था। एक बाइक ने उसमें टक्कर मार दी। सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सक ने उसे आगरा के एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय रास्ते में किशोर ने दम तोड़ दिया। परिजन दोबारा उसे जिला अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर चले गए।





















