
अलीगढ़ 02 मई । पावना स्कूल में कक्षा नर्सरी से दो तक के विद्यार्थियों के अभिभावकों के लिए एक विशेष ‘पेरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को विद्यालय के नियमों, व्यवस्थाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की कोऑर्डिनेटर द्वारा शिक्षिकाओं के परिचय के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षिकाओं ने विद्यालय भवन, छात्रावास, म्यूजिक-डांस गतिविधियों, स्टूडेंट काउंसिल और बस रूट जैसी बुनियादी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही विद्यालय की वेबसाइट ऑपरेशन, कैम्पस केयर और परीक्षाओं के आयोजन की तकनीकी जानकारियों से भी अभिभावकों को अवगत कराया गया। मोंटेसरी विभाग की निदेशिका रचना कुडेसिया ने मोंटेसरी पद्धति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह एक बाल-केंद्रित दृष्टिकोण है, जहाँ बच्चा खेल-खेल में और व्यावहारिक अनुभवों से सीखता है। यह पद्धति बच्चों को आत्मनिर्भर और जिज्ञासु बनाती है।” कार्यक्रम में ‘स्टोरी टेलिंग’ के माध्यम से बच्चों के विकास में अभिभावकों के उत्तरदायित्वों को भी समझाया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या आरती झा ने सभी अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास ही विद्यालय का मुख्य ध्येय है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने व्यस्त समय में से कुछ समय बच्चों के लिए अवश्य निकालें और शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन (PTM) में नियमित रूप से भाग लें। अंत में कोऑर्डिनेटर नीरू गुप्ता ने सभी उपस्थित अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों की जिज्ञासाओं और प्रश्नों का भी समाधान किया गया।





















