सिकंदराराऊ (हसायन) 02 मई । कस्बे के पुरदिनगर मार्ग पर स्थित मयंक भारत गैस एजेंसी के संचालकों और कर्मचारियों की मनमानी ने उपभोक्ताओं का जीना मुहाल कर दिया है। सरकारी नियमों को ताक पर रखकर एजेंसी संचालक न केवल गैस की कालाबाजारी में लिप्त हैं, बल्कि सिलेंडर लेने आने वाले आम नागरिकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट तक की जा रही है। ताज्जुब की बात यह है कि प्रशासनिक अधिकारी इस गंभीर मामले में कार्रवाई करने के बजाय समझौता कराने में जुटे हैं। एजेंसी कस्बा हसायन में होने के बावजूद उपभोक्ताओं को करीब 24 किलोमीटर (आना-जाना) की दूरी तय कर नगला बरी पट्टी देवरी स्थित पैतृक गाँव के गोदाम पर जाना पड़ता है। भीषण गर्मी और तेज धूप में घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उपभोक्ताओं को सहजता से सिलेंडर नहीं मिलता। आरोप है कि बुकिंग के बावजूद उपभोक्ताओं को परेशान किया जाता है और व्यवसायिक स्तर पर गैस की कालाबाजारी कर सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं।
ताजा मामला मोहल्ला किशन निवासी एक युवक के साथ सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता 1 मई को एजेंसी पर रसीद लेने गया, तो कर्मचारी ने रसीद देने के बजाय उसकी किताब पर लिखकर उसे गोदाम भेज दिया। गोदाम पर तैनात कर्मचारियों ने सिलेंडर के निर्धारित रेट 926 रुपये के स्थान पर 1000 रुपये वसूल किए। जब उपभोक्ता ने अतिरिक्त 74 रुपये वापस मांगे, तो कर्मचारी और संचालक भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने उपभोक्ता के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उसका गिरेबान पकड़कर और धक्का मारकर गोदाम से बाहर निकाल दिया। पीड़ित उपभोक्ता ने इस बदसलूकी और अवैध वसूली की शिकायत जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई है। उसके पास ऑनलाइन भुगतान के साक्ष्य भी मौजूद हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि एजेंसी संचालक का एक करीबी परिजन सरकारी उच्च पद पर तैनात है, जिसका रौब दिखाकर वह उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण कर रहा है। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन के अधिकारी भी एजेंसी संचालक से मिले हुए हैं, इसीलिए शिकायतों के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती।
क्या कहते हैं पीड़ित?
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि कोई निर्धारित रेट से अधिक पैसे देने से मना करता है, तो उसे गैस न देने की धमकी दी जाती है। गैस की किल्लत पैदा कर आम जनता को मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि इस खबर के बाद खाद्य एवं रसद विभाग और जिला प्रशासन इस दबंग संचालक के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।





















