Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 01 मई । मथुरा-बरेली हाईवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्षेत्र के गांव नावली के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपति को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके पर बस छोड़कर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव बसई निवासी वीरेंद्र सिंह (45) शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अपनी पत्नी नीरज देवी के साथ बाइक पर सवार होकर कछला घाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गांव नावली के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही बुलंदशहर डिपो की रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, पत्नी नीरज देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद गुस्साए राहगीरों ने बस को घेर लिया, जिसे बाद में कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने वीरेंद्र के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय हाथरस भेज दिया है। पुलिस फरार चालक और परिचालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page