सिकंदराराऊ (हसायन) 18 अप्रैल । कोतवाली हसायन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कमसारा कानऊ में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक किसान के विद्युत नलकूप (ट्यूबवेल) को निशाना बनाते हुए वहां से कीमती उपकरण पार कर दिए। पीड़ित किसान रामबाबू शर्मा उर्फ बाबा पुत्र ख्यालीराम शर्मा ने इस संबंध में कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, 17 अप्रैल की रात्रि को चोरों ने उनके खेत पर लगे नलकूप से करीब 20 मीटर विद्युत केबल, स्टार्टर और चौदह हॉर्स पावर की मोटर चोरी कर ली। सुबह जब किसान खेत पर पहुँचा, तब उसे चोरी की जानकारी हुई।
किसान ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में ट्यूबवेल से मोटर और केबल चोरी की बढ़ती घटनाओं से किसानों में रोष और चिंता का माहौल है। इस संबंध में थाना प्रभारी गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि मामले की लिखित तहरीर प्राप्त हो गई है, पुलिस द्वारा घटनास्थल की छानबीन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


























