सिकंदराराऊ (हसायन) 18 अप्रैल । कस्बे के गडोला मार्ग पर स्थित बिल्डिंग मटेरियल परिसर में क्षत्रिय समाज के पदाधिकारियों और युवाओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी 9 मई को हिंदू हृदय सम्राट वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा की रूपरेखा तैयार करना था। बैठक में समाज के लोगों ने सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का गठन किया, जिसमें कुलदीप सिंह को संरक्षक, निशांत प्रताप सिंह को अध्यक्ष और शिवम प्रताप सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का कमेटी के सदस्यों द्वारा महाराणा प्रताप के छवि चित्र भेंट कर और पटका पहनाकर भव्य स्वागत व सम्मान किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संकल्प लिया कि इस वर्ष महाराणा प्रताप शोभायात्रा को बेहद भव्य और ऐतिहासिक बनाया जाएगा, जिसमें समाज की एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी। वक्ताओं ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। इस अवसर पर अमित ठाकुर कानऊ, सिद्धार्थ जादौन, विकास ठाकुर, सचिन ठाकुर, सिद्धार्थ सिंह सहित क्षत्रिय समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति और युवा शक्ति मुख्य रूप से मौजूद रहे। सभी ने शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया।