Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 अप्रैल । जनपद में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिकाओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है। जिला कार्यक्रम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद में रिक्त कुल 680 पदों के लिए 19 नवंबर 2025 को विज्ञप्ति प्रकाशित की गई थी। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 11 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई थी, जिसके क्रम में विभाग को कुल 680 रिक्तियों के सापेक्ष 2,834 आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासनिक स्तर पर चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पोर्टल से डाउनलोड किए गए सभी आवेदनों की गहन स्क्रूटनी की गई। शासन द्वारा निर्धारित मानकों और वरीयता के आधार पर, प्रत्येक पद के लिए पात्र शीर्ष दो आवेदिकाओं को मूल अभिलेखों के सत्यापन हेतु चयन समिति के समक्ष बुलाया गया। निर्धारित तिथियों पर चले दस्तावेज़ सत्यापन के बाद अंतिम चयन सूची तैयार की गई है। इस प्रक्रिया में 680 केंद्रों में से 533 केंद्रों पर योग्य एवं पात्र अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है, जबकि शेष 147 केंद्रों पर मानक के अनुरूप पात्र अभ्यर्थी न मिलने के कारण ये पद फिलहाल रिक्त रह गए हैं। विभाग ने चयनित अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जिला कार्यक्रम कार्यालय के साथ-साथ सभी संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालयों और विकास खंड मुख्यालयों पर चस्पा कर दी है। चयनित महिला अभ्यर्थियों के लिए अच्छी खबर यह है कि उन्हें शीघ्र ही माननीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्रों का वितरण किया जाएगा। इस भर्ती से जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में मजबूती आएगी और स्वास्थ्य व पोषण सेवाओं का लाभ बेहतर ढंग से मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page